इस्लामाबाद, 28 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान की सर्वोच्च न्यायालय के शुक्रवार के फैसले में पनामा पेपर मामले में नवाज शरीफ को दोषी करार दिए जाने से विपक्षी खेमे में खुशी का माहौल है।
पाकिस्तान की तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी ने फैसले के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यह ऐतिहासिक दिन है, आइए पाकिस्तान को मजबूत करें, और यहां से आतंकवाद का खात्मा करें।”
‘डॉन’ ने अपनी रपट में कुरैशी के हवाले से कहा, “आइए हम इस मौके पर सशस्त्र बलों, पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रति आभार व्यक्त करें। हमें भारी दबाव में भी न झुकने और न्याय के लिए सेवा देने पर संयुक्त जांच दल (जेआईटी ) के सदस्यों का भी धन्यवाद करना चाहिए।”
गौरतलब है कि अप्रैल में सर्वोच्च न्यायालय ने घोषणा की थी कि शरीफ को दोषी मानने के लिए ‘अपर्याप्त साक्ष्य’ हैं और उन्होंने छह सदस्यों की जेआईटी को इस मामले की जांच का आदेश दिया था।
सैन्य और असैन्य जांचकर्ताओं की टीम ने जांच के दौरान शरीफ के परिवार की आय और उनकी जीवनशैली के बीच ‘भारी असमानता’ पाई।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता कमर जमान कैरा ने कहा, “इसमें सभी विपक्षी पार्टियों की भूमिका है, लेकिन इसका श्रेय पीटीआई और इमरान खान को जाता है, जो इस मुद्दे को अदालत लेकर गए और उन्होंने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी।”
जमात-ए-इस्लामी के नेता सिराजुल हक ने कहा, “हम बहुत कमजोर हैं, लेकिन 24 अगस्त, 2016 को मैं पहला याचिकाकर्ता बना। लोग मेरा मजाक उड़ाते थे, लेकिन आज हमने सर्वोच्च अदालत में सफलता हासिल की। हम सर्वोच्च अदालत, पत्रकारों, वकीलों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहते हैं, जिन्होंने हमें समर्थन दिया।”
dharmpath.com dharmpath