भोपाल, 28 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से उम्मीदवार संपतिया उईके ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। यह सीट केंद्रीय मंत्री रहे अनिल माधव दवे के निधन के चलते रिक्त हुई है।
उईके ने नामांकन भरने से पहले पार्टी के प्रदेश दफ्तर पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के अलावा तमाम नेताओं की मौजूदगी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधानसभा के लिए रवाना हुई।
संपतिया उईके ने विधानसभा पहुंचकर प्रमुख सचिव व निर्वाचन अधिकारी ए.पी. सिंह को अपना नामांकन पत्र सौंपा। वैसे मतदान आठ अगस्त को होना है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक जनजाति वर्ग की, जमीनी कार्यकर्ता को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।
dharmpath.com dharmpath