हरिद्वार, 29 जुलाई (आईएएनएस)। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज की आपदा प्रबंधन टीम बाढ़ प्रभावित राजस्थान व गुजरात में राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना की गई है।
शांतिकुंज में संस्था प्रमुख शैलदीदी की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन की उच्चस्तरीय टीम की समीक्षा बैठक हुई। इसमें बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित बनासकांठा जिले के धनेरा क्षेत्र एवं राजस्थान के सिरोही व जालोर में किए जा रहे कार्यो की समीक्षा करते हुए सेवा कार्य में और तेजी लाने पर सहमति बनी।
शांतिकुज से जारी बयान के अनुसार, राकेश जायसवाल व दिनेश पटेल के नेतृत्व में एक टीम गुजरात के लिए, जबकि विष्णु मित्तल व सुखदेव अनघोरे के नेतृत्व में दूसरी टीम राजस्थान रवाना हो चुकी है।
बयान के अनुसार, शैलदीदी ने गुजरात व राजस्थान में बाढ़ में असमय कालकवलित हुई आत्माओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, “बाढ़ पीड़ितों के दु:ख की इस घड़ी में गायत्री परिवार उनके साथ खड़ा है। हम लोग उनकी सेवा-सुश्रुषा के लिए सदैव तत्पर हैं।”
बयान में कहा गया है कि राजस्थान में महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित सिरोही एवं जालौर जिलों में 125 लोगों की टीम पहले से ही बचाव कार्य में जुटी है। यह टीम सांचोर को आधार शिविर बनाकर कार्य रही है। डॉ. भीखू भाई पटेल के नेतृत्व में चिकित्सकीय एवं अर्धचिकित्सकीय टीम एम्बुलेंस लेकर पहुंच गई है, जो पीड़ितों की सेवा कर रही है। मीठा भाई के नेतृत्व में 150 लोगों की सेवाभावी युवाओं की टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री पहुंचाने में जुटी है।
शांतिकुंज आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, गुजरात के विभिन्न जनपदों से 15 ट्रक खाद्य सामग्री, जीवन रक्षक दवाइयां व अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री के साथ बनासकांठा पहुंच चुके हैं। अम्बाजी, पालनपुर, पाटन, महेसाणा, डीसा, कलोल व अहमदाबाद जिलों से शांतिकुंज से प्रशिक्षित युवा सेवा कार्य में जुटे हैं।
dharmpath.com dharmpath