कोयम्बटूर, 29 जुलाई (आईएएनएस)। देश की अग्रणी बाइक रेस टूर्नामेंट ‘एमआरएफ इंडियन रैली चैम्पियनशिप’ (आईएनआरसी)-2017 का पहला राउंड रविवार से कोयम्बटूर में शुरू हो रहा है।
एमआरएफ रैली आफ कोयम्बटूर नाम से मशहूर इस चैम्पियनशिप के पहले राउंड में कुल 32 टीमें हिस्सा लेती नजर आएंगी।
इनमें दो बार के एशिया पैसीफिक रैली चैम्पियन गौरव गिल (टीम महींद्रा एडवेंचर), मौजूदा चैम्पियन एआरके मोटरस्पोर्ट्स के कर्णा कादुर, दो बार के आईएनआरसी चैम्पियन अमित्राजीत घोष (टीम महींद्रा एडवेंचर) और एआर रेसिंग टीम के चालक अर्जुन राव एकबार फिर प्रमुख प्रतिस्पर्धी के रूप में शामिल होंगे।
इस रैली में चालक कोयम्बटूर के बाहरी इलाके केथानूर के इर्द-गिर्द 200 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इनमें से 71.40 किलोमीटर की दूरी चालकों को कच्ची सड़क पर तय करनी होगी, जिसमें पांच स्पेशल स्टेज होंगे।
आरआरपीएम के निदेशक अरिंदम घोष ने कहा, “आएनआरसी का 2017 संस्करण हमारे लिए एक बड़ा सीजन है। पहली बार हम इसके एक राउंड का आयोजन अरुणाचल प्रदेश में कर रहे हैं और हमें अरुणाचल पर्यटन विभाग का समर्थन प्राप्त हुआ है।”
इस साल आएनआरसी के तहत कुल सात राउंड के टूर्नामेंट होंगे, और सभी अलग-अलग स्थानों और भौगोलिक परिस्थितियों में आयोजित होंगे।
dharmpath.com dharmpath