जेकेपी का आत्मरक्षा कार्यक्रम लिम्का बुक ऑफ रिकार्डस में (फोटो सहित)

लखनऊ, 30 जुलाई (आईएएनएस)। जगदगुरु कृपालु परिषत (जेकेपी) व अभिसेल्फ प्रोटेक्शन ट्रस्ट को लड़कियों के आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए लिम्का बुक ऑफ रिकार्डस में स्थान दिया गया है। इस कार्यक्रम में 5700 लड़कियों ने एक साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेकर अपना कौशल प्रदर्शित किया था। यह जानकारी यहां संस्था के एक पदाधिकारी ने दी।

परिषत के सचिव राम पुरी ने यहां रविवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन कहा, “श्रीमहाराज जी की सोच यह थी कि लड़कियों को जीवन के हर क्षेत्र में मजबूत किए बगैर कोई भी समाज मजबूत नहीं हो सकता। इसी प्रेरणा को ध्यान में रखते हुए हमने लड़कियों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण का कार्यक्रम आयोजित किया था। जिसे लिम्का बुक में स्थान मिला है।”

राम पुरी ने कहा, “श्रीमहाराज जी की प्रेरणा से हम लोग काफी समय से बालिका शिक्षा के लिए काम कर रहे हैं। हमारे तीनों विद्यालयों में प्राइमरी से लेकर परास्नातक तक की शिक्षा लड़कियों को नि:शुल्क दी जाती है।”

प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षक, यशभारती पुरस्कार से सम्मानित अभिषेक यादव ने कहा कि जेकेपी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम वास्तव में समाज के लिए एक ऐसा उदाहरण है, जिससे लोगों में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता आएगी।

उल्लेखनीय है कि श्रीकृपालु जी महाराज द्वारा स्थापित संस्था जेकेपी ने मनगढ़ धाम में सितंबर 2016 में ‘मेरी रक्षा मेरे हाथों में’ नामक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया था। इससे पहले दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार ने 5000 लड़कियों को ऐसा प्रशिक्षण एकसाथ दिलाया था।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की खास बात यह थी कि इसमें भाग लेने वाली लड़कियां ग्रामीण पृष्ठभूमि की थीं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में परिषत के तीन विद्यालयों के अतिरिक्त कुंडा (प्रतापगढ़) क्षेत्र के 13 अन्य विद्यालयों की लड़कियों ने भी हिस्सा लिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493