चेन्नई, 31 जुलाई (आईएएनएस)। घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में दमदार प्रदर्शन करने वाली प्रख्यात अभिनेता आर. माधवन और विजय सेतुपति अभिनीत तमिल फिल्म ‘विक्रम वेधा’ का तेलुगू रिमेक भी बनाया जा सकता है।
फिल्म की टीम से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “तेलुगू रीमेक के लिए राणा दग्गुबाती और वेंकटेश के बीच बातचीत चल रही है। हालांकि, अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है और इस प्रक्रिया में कुछ और महीने लग सकते हैं।”
पुष्कर-गायत्री द्वारा निर्देशित फिल्म ‘विक्रम वेधा’ रिलीज होने के बाद पहले सप्ताह में दुनियाभर में 40 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है।
सिनेमाघरों में पिछले सप्ताह रिलीज हुई फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों ने भी काफी सराहा है।
इसमें माधवन एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका में हैं, जबकि विजय एक गैंगस्टर के किरदार में हैं, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया है।
‘विक्रम वेधा’ के निर्माता शशिकांत ने आईएएनएस से कहा, “फिल्म के रीमेक पर बात करना जल्दबाजी होगा। हां, इस पर बातचीत चल रही है, लेकिन कुछ भी तय नहीं है।”
इसमें श्रद्धा श्रीनाथ, वरलक्ष्मी शरतकुमार और काशीर जैसे सितारे प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
dharmpath.com dharmpath