जम्मू एवं कश्मीर में मुठभेड़ में लश्कर कमांडर मारा गया (लीड-2)

श्रीनगर, 1 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक शीर्ष पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया, जिसके सिर पर 15 लाख रुपये का ईनाम था। उसका एक साथी भी मारा गया।

जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने अबु दुजाना के मारे जाने को एक ‘बड़ी उपलब्धि’ बताया। पुलिस के मुताबिक, वह लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर था और 2012 से दक्षिणी कश्मीर में सक्रिय था।

उसके साथ ही एक स्थानीय आतंकवादी आरिफ लालिहारी भी मारा गया। वे मुठभेड़ में हकरीपुरा गांव में मारे गए।

पुलिस ने ट्वीट किया, “पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि।”

पाक अधिकृत कश्मीर के गिलगित-बाल्टीस्तान क्षेत्र का रहने वाला दुजाना भारतीय सुरक्षा बलों पर किए गए कई हमलों के लिए जिम्मेदार था।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “अबु दुजाना और लालिहारी का मारा जाना सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता है और दक्षिण कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों के लिए एक बड़ी क्षति है।”

सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने तड़के करीब तीन बजे गांव को घेर लिया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “घटनास्थल पर दो आतंकवादियों के शव बरामद होने और उनके शवों की पहचान होने के बाद अभियान समाप्त हो गया।”

मुठभेड़ में गांव के दो घरों को भी क्षति पहुंची है।

इसी बीच, दुजाना की मौत की खबर फैलने के बाद सुरक्षा बलों और पत्थरबाजों के बीच झड़पें शुरू हो गईं।

गोलियों से घायल हुए तीन प्रदर्शनकारियों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है और कई अन्य पेलेट गन से घायल हुए हैं।

प्रशासन ने दक्षिणी कश्मीर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। साथ ही जम्मू क्षेत्र के बनिहाल शहर और कश्मीर घाटी के बारामूला के बीच रेल सेवाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493