मप्र भाजपा में मलाई खाने और दरी उठाने वाले कार्यकर्ता : कांग्रेस

भोपाल, 2 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में असंतोष बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में दो तरह के कार्यकर्ता हैं, एक वे हैं जो सत्ता की मलाई खा रहे हैं तो दूसरे वे हैं जो दशकों से दरी उठाते आ रहे हैं।

सिंह ने अपने आवास पर बुधवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा में हर स्तर पर असंतोष बढ़ रहा है। कई बगावत कर चुके हैं तो कई बगावत करने की तैयारी में है, इसकी वजह मूल भाजपाइयों की उपेक्षा है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस सहित अन्य दलों से गए नेता सत्ता की मलाई खा रहे हैं, वहीं दशकों से भाजपा के लिए दरी बिछाकर पार्टी के लिए काम करने वाले अब भी उसी स्थिति में है। दल बदल करने वाले विधायक और मंत्री तक बन गए, मगर दशकों से झोला टांगकर गांव-गांव घूमने वाले घरों में बीमार, असक्त पड़े हुए हैं, मगर उनकी खबर लेने वाला कोई नहीं है।”

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। वे नगरीय निकाय के चुनाव के प्रचार में सरकारी हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के नगरीय निकाय में प्रचार किया था और अब मुख्यमंत्री भी प्रदेश में नगरीय निकाय के चुनाव में लगे हैं।”

एक तरफ नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध की जद में आए गांव के लोगों को विस्थापित करने और सरकार द्वारा नर्मदा को जीवित मानव का इकाई घोषित किए जाने के सवाल पर सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री चौहान बड़े कलाकार हैं। वे यात्रा करते हैं, नदी को जीवित इकाई घोषित कर देते हैं और सदन में प्रस्ताव नहीं लाते, तो नए कार्यक्रम की योजना बनाते हैं, सरकारी अमला इसी काम में लगा रहता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493