नई दिल्ली , 3 अगस्त (आईएएनएस)। एनईसी कॉरपोरेशन ने गुरुवार को यह जानकारी दी कि उसकी सहायक कंपनी एनईसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने चेहरे को पहचानने की तकनीक का प्रयोग करते हुए एक ‘इंटेलिजेंट विडियो सर्विलांस सिस्टम’ का परीक्षण शुरू कर दिया है।
नई दिल्ली स्थित सेंट्रल पार्क में यह परीक्षण दो महीनों तक चलेगा। भारत सरकार की देशभर में 100 स्मार्ट सिटीज बनाने की योजना के तहत एनडीएमसी की यह पहल शहर को और ज्यादा स्मार्ट, सुरक्षित और ज्यादा सक्षम बनाने की है।
एनईसी ने सेंट्रल पार्क और इसके आसपास के क्षेत्र में एक कंट्रोल रूम से पूरे इलाके की निगरानी के लिए क्लोज स*++++++++++++++++++++++++++++र्*ट टीवी (सीसीटीवी) सर्विलांस कैमरे लगाए हैं। कंपनी का ‘इंटेलिजेंट विडियो सर्विलांस सिस्टम’ पार्क में आने वाले लोगों के चेहरे का मिलान एनडीएमसी की निगरानी सूची में पहले से पंजीकृत व्यक्तियों के साथ करेगा, जिससे सीसीटीवी फुटेज की सहायता से एनडीएमसी अपने लक्ष्य के अनुसार लोगों की पहचान करने और लक्षित व्यक्तियों को ढूंढ़ने में तलाश करने में सक्षम होगा। इससे आम जनता की सुरक्षा पर मंडराने वाले खतरे को कम करते हुए जल्द ही उचित कदम उठाया जाएगा।
‘इंटेलिजेट विडियो सर्विलांस सिस्टम’ में चेहरे की पहचान करने के लिए एनईसी का ‘नियोफेस वॉच फेशियल रेकग्निशन सॉफ्टवेयर’ लगाया गया है। एनईसी के चेहरे की पहचान करने वाले सॉफ्टवेयर को अमेरिका के नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ स्टैंडडर्स ऐंड टेक्नॉलजी (एनआईएसटी) की ओर से किए गए वेंडर टेस्ट में लगातार चौथी बार विश्व का हाईएस्ट परफॉर्मेंस इवैल्यूएशन (उच्चतम प्रदर्शन मूल्यांकन) पुरस्कार मिला है।
नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरेश कुमार ने कहा, “सेंट्रल पार्क देश का प्रतीकात्मक दिल है। देश की राजधानी को वैश्विक मानकों पर खरा उतरने वाला शहर बनाने के अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए तकनीक और अवसंरचना को अपग्रेड करना हमारे रोडमैप का हिस्सा है। हम भारतीय समुदाय की सुरक्षा और हिफाजत के लिए एनईसी को अपना साझीदार बनाकर खुश हैं।”
एनईसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के ताकायुकी इनाबा ने कहा, “सार्वजनिक सुरक्षा के क्षेत्र में यह प्रॉजेक्ट एनईसी की अव्वल दर्जे की नेतृत्व प्रदान करने की क्षमता का बेमिसाल उदाहरण है। हम उच्च तकनीक के सुरक्षा समाधान मुहैया कराने के प्रावधान के माध्यम से सुरक्षित, निश्चिंत और स्मार्ट भारतीय समाज बनाने की दिशा में एनडीएमसी के साथ काम करते रहेंगे।’
dharmpath.com dharmpath