न्यूयार्क, 3 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका का प्रस्तावित आव्रजन सुधार कानून पूरी तरह से ग्रीन कार्ड पर ही केंद्रित है और इसके दायरे में एच 1-बी जैसे अस्थायी गैर-आव्रजक वीजा नहीं आते हैं जो कि हजारों भारतीय पेशेवरों को दिए जाते हैं।
न्यूयार्क, 3 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका का प्रस्तावित आव्रजन सुधार कानून पूरी तरह से ग्रीन कार्ड पर ही केंद्रित है और इसके दायरे में एच 1-बी जैसे अस्थायी गैर-आव्रजक वीजा नहीं आते हैं जो कि हजारों भारतीय पेशेवरों को दिए जाते हैं।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार स्टीफन मिलर ने कहा, “बुधवार को जारी द रिफॉर्मिग अमेरिकन इमिग्रेशन फॉर अ स्ट्रॉंग इकॉनमी (आरएआईएसई) अधिनियम अस्थाई कर्मियों और अस्थायी गैर-आव्रजक कर्मियों पर बात नहीं करता है।”
इस बिल की अवधारणा का हिस्सा रहे मिलर ने कहा, “ग्रीन कार्ड अमेरिका आने का स्वर्णिम टिकट है और प्रस्तावित परिवर्तन केवल उसी पर लागू होते हैं।”
मिलर और ट्रंप दोनों ने यह कहा है कि इस बिल के तहत प्रवासियों को उनके जीवनसाथी और नाबालिग बच्चों को अमेरिका लाने की अनुमति मिलना जारी रहेगा।
अब तक एच-1 बी प्रणाली में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जबकि ट्रंप ने चुनाव अभियान के दौरान इसकी आलोचना की थी।
कांग्रेस के दोनों डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन सदस्यों ने इसके खिलाफ आवाज उठाई है और वीजा को प्रतिबंधित करने के लिए कानून पेश किया है।
आरएआईएसई द्वारा प्रस्तावित परिवर्तन वास्तव में भारतीय पेशेवरों के लिए मददगार हो सकते हैं, जिन्हें अब ग्रीन कार्ड के लिए 11 साल का इंतजार करना पड़ेगा।
कांग्रेस द्वारा वर्तमान स्वरूप में इस बिल को पारित करने की संभावना काफी कम है, क्योंकि डेमोक्रेट्स और ट्रंप के स्वयं की रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों ने इन उपायों के खिलाफ जोरदार विरोध किया है जो अकुशल लोगों के आव्रजन को प्रतिबंधित और केवल उच्च कौशल वाले लोगों को अमेरिका आने की अनुमति देने की हिमायत करते हैं।
इस बिल में कनाडा और आस्ट्रेलिया की मेरिट-आधारित आव्रजन प्रणालियों की विशेषताओं को शामिल किया गया है, जो उन देशों में बसने के इच्छुक लोगों को शिक्षा, अंग्रेजी ज्ञान, रोजगार और परिवार के संबंधों के आधार पर अंक आवंटित करती हैं।
मिलर ने कहा, “हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि दुनिया के बेहतरीन अन्वेषक, बेहतरीन वैज्ञानिक और प्रौद्योगिकी की दुनिया में बेहतरीन काम करने वाली भावी पीढ़ी अमेरिका में आए और प्रतिस्पर्धी आवेदन प्रक्रिया में भाग ले।”
dharmpath.com dharmpath