लंदन, 6 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के एथलीट लुवो मेनयोंगा ने यहां जारी विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शनिवार को पुरुषों की लम्बी कूद स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया।
मेनयोंगा ने 8.48 मीटर दूरी के साथ पहला स्थान पाया जबकि अमेरिका के जारियन लॉसन ने 8.44 मीटर के साथ रजत और दक्षिण अफ्रीका के ही रुस्वाल सामाई ने 8.32 मीटर के साथ कांस्य जीता।
पहला प्रयास नाकाम होने के बाद मेनयोंगा ने 8.48 मीटर की छलांग लगाई। दूसरी ओर, लॉसन ने अपने छठे प्रयास में रजत पदक पक्का किया। रुस्वाल ने भी अंतिम प्रयास में कांस्य पदक पक्का किया।
विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के बीते संस्करण में ब्रिटेन के ग्रेग रदरफोर्ड ने 8.41 मीटर के साथ स्वर्ण जीता था। इस स्पर्धा का विश्व रिकार्ड 8.95 मीटर का है। यह रिकार्ड 1991 में अमेरिका के माइक पॉवेल ने बनाया था। पॉवेल के नाम ही चैम्पियनशिप रिकार्ड भी दर्ज है।
dharmpath.com dharmpath