चेन्नई, 6 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता महेशा बाबू की तेलुगू राजनीति पर आधारित आगामी ‘भारत अने नेनू’ की शूटिंग अगले सप्ताह से लखनऊ में होगी। फिल्म कोरातला शिवा के निर्देशन में बन रही है।
फिल्म की यूनिट के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “लखनऊ शेड्यूल 10 अगस्त से शुरू होगा और यह 22 अगस्त तक जारी रहेगा। फिल्म की शूटिंग जहांगीराबाद पैलेस, नदवा कॉलेज और मूसा बाग जैसे स्थानों में होगी। महेश बाबू सहित सभी प्रमुख कलाकार इस शेड्यूल का हिस्सा होंगे।”
फिल्म में महेश मुख्यमंत्री की भूमिका में हैं।
कोरातला शिवा के साथ ‘भारत अने नेनू’ महेश बाबू की दूसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों वर्ष 2015 में फिल्म ‘श्रीमंतुडु’ में साथ काम कर चुके हैं।
कियारा आडवाणी इस फिल्म के साथ तेलुगू फिल्म उद्योग में कदम रख रही हैं। उन्होंने वर्ष 2014 में कबीर सदानंद की ‘फुगली’ से अभिनय से शुरुआत की थी।
फिल्म में वह महेश बाबू की प्रेमिका की भूमिका में दिखेंगी। इसमें तमिल अभिनेता सरथकुमार, महेश बाबू के पिता के रूप में नजर आएंगे।
dharmpath.com dharmpath