बेरुत, 7 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की पुरुष बास्केटबाल टीम अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबाल संघ (फीबा) एशिया कप टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार है। टूर्नामेंट का आगाज मंगलवार से हो रहा है।
इस टूर्नामेंट के लिए टीम की कमान फारवर्ड अमज्योत सिंह गिल को सौंपी गई है। इसके साथ ही टीम में विशेष भृगुवंशी की वापसी हो रही है। उन्हें जून में ब्रिक्स खेलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के दौरान चोट लगी थी।
इसके अलावा, टीम में अमृतपाल सिंह, सतनाम सिंह जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। अमृतपाल नियमित तौर पर भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलते आए हैं, वहीं सतनाम पहले भारतीय खिलाड़ी हैं, जिन्हें एनबीए में खेलने का मौका मिल चुका है।
भारतीय पुरुष बास्केटबाल टीम में रिकिन पेठानी और अरविंद अन्नादुरई, तलविंदरजीत सिंह, अनिल कुमार गौड़ा, राजवीर सिंह और बलधानेश्वर के साथ-साथ फारवर्ड प्रसन्ना सिवाकुमार और मुइन बेक हाफीज भी शामिल हैं।
इस टीम के कोच बास्कर सपनीमबलाम और पद्दरककल जोसेफ सेबास्टियन हैं।
dharmpath.com dharmpath