नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में तीन सफाई कर्मियों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत पर स्वराज इंडिया ने सोमवार को दिल्ली सरकार पर हमला किया। पार्टी ने कहा कि आए दिन हो रही इन दुखद घटनाओं ने साबित कर दिया है कि सफाई कर्मियों और उनकी समस्याओं के प्रति आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली सरकार में संवेदनशीलता की घोर कमी है।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और प्रदेश अध्यक्ष अनुपम ने कहा, “दिल्ली के सफाई कर्मियों ने इस उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी को अपना समर्थन दिया था कि उनकी जिंदगी में कुछ सार्थक बदलाव आएगा। लेकिन ‘झाड़ू’ को अपना चुनाव चिन्ह बनाने वाली पार्टी ने सरकार में आने के बाद दिल्ली के सफाई कर्मियों को सिर्फ धोखा ही दिया।”
उन्होंने कहा, “सरकार के विभाग और ठेकेदारों द्वारा आज भी सफाई कर्मियों को जहरीली गैस का सामना करने निर्दयी ढंग से सीवर के अंदर भेज दिया जाता है, वह भी बिना किसी तरह के सुरक्षा उपकरण के। इससे यह स्पष्ट है कि आप सरकार दिल्ली की सफाई के प्रति अगंभीर और सफाई कर्मियों के प्रति संवेदनहीन है।”
ज्ञात हो कि दिल्ली के लाजपत नगर में सीवर लाइन की सफाई के दौरान जहरीली गैस के चलते तीन सफाई कर्मियों की रविवार को मौत हो गई थी। दिल्ली जल बोर्ड के इस सीवर के अंदर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ही कर्मचारियों को भेजा गया, जिनमें से तीन की एक-एक कर मृत्यु हो गई। सीवर लाइन के अंदर सफाई कर्मियों की मौत की खबरें दिल्ली में आम हो गई हैं। बीस दिन पहले दिल्ली के घिटोरनी क्षेत्र में बिल्कुल इन्हीं परिस्थितियों में चार सफाई कर्मियों की मौत सीवर लाइन के अंदर हो गई थी।
अनुपम ने दिल्ली सरकार से मांग की है कि सफाई कर्मियों की समस्याओं पर सरकार श्वेत पत्र लाए। उन्होंने साथ ही सरकार को यह सुनिश्चित करने को भी कहा है कि बिना उचित सुरक्षा उपकरणों के कहीं पर भी किसी सीवर लाइन में सफाई कर्मियों को न उतारा जाए।
dharmpath.com dharmpath