मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल), 9 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार में लोकतंत्र और आजादी पर हमले होने का आरोप लगाते हुए ‘भाजपा भारत छोड़ो’ अभियान शुरू किया।
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की 75वीं वर्षगांठ पर एक जनसभा में यह अभियान शुरू करते हुए ममता ने कहा, “मौजूदा केंद्र सरकार के शासन में भारतीय लोकतंत्र को भंग किया जा रहा है और आम आदमी की आजादी और जीवन का अधिकार खतरे में है। इसलिए आज से हमारा नारा होगा भाजपा भारत छोड़ो, सांप्रदायिकता भारत छोड़ो, असहिष्णुता भारत छोड़ो।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर देश को बांटने का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि उनकी पार्टी किसी कीमत पर इसकी इजाजत नहीं देगी।
तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता ने कहा, “केंद्र की सत्ता में मौजूद पार्टी भारत को विभाजित करने की कोशिश कर रही है। वे राजनीतिक लाभ के लिए बंगाल को भी बांटने की कोशिश कर रहे हैं। हम ऐसा नहीं होने देंगे। हम देश को बंटने नहीं देंगे।”
उन्होंने कहा कि इस अभियान का पहला चरण पांच सितंबर तक जारी रहेगा और दूसरा चरण बंगाल में त्यौहारों के खत्म होने के बाद शुरू होगा।
भाजपा पर दलितों की पीट-पीट कर हत्या करने और देश के विभिन्न हिस्सों में आदिवासियों से उनकी जमीन छीनने का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि वह पड़ोसी राज्यों झारखंड और बिहार में भी इन अत्याचारों के खिलाफ लड़ती रहेंगी।
ममता ने कहा, “इस अभियान के तहत पश्चिम बंगाल के हर ब्लॉक, हर गांव और हर जिले में बैठकें की जाएंगी और रैलियां निकाली जाएंगी।”
उन्होंने कहा, “मैं पटना में 27 अगस्त को लालू प्रसाद द्वारा निकाली जाने वाली रैली में उपस्थित रहूंगी। इसके अलावा 31 अगस्त को आदिवासी मुद्दों पर निकाली जा रही रैली में भी हिस्सा लूंगी। भाजपा द्वारा किए जा रहे इन अत्याचारों के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
नोटबंदी और जीएसटी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए और नोटबंदी के बाद सहकारी बैंकों में 45,000 करोड़ रुपये जमा होने का दावा करते हुए ममता ने कहा कि केंद्र सरकार को सार्वजनिक तौर पर बताना चाहिए कि क्या यह आम आदमी का पैसा है और जमा हुई इतनी बड़ी राशि का वे क्या करने जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath