नीतीश ने बक्सर के जिलाधिकरी की मौत पर शोक जताया

पटना, 11 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बक्सर के जिलाधिकारी मुकेश कुमार पाण्डेय की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है, जिनका शव गुरुवार रात उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के समीप कोटगांव स्टेशन के निकट रेलवे लाइन पर बरामद हुआ। उनकी जेब से सुसाइड नोट मिला है और माना जा रहा है कि उन्होंने खुदकुशी की।

मूल रूप से सारण जिले के सांझा गांव निवासी मुकेश गुरुवार सुबह ही बक्सर के उपविकास आयुक्त मोबिन अली अंसारी को प्रभार सौंपकर दिल्ली गए थे।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, “बक्सर के जिलाधिकारी मुकेश कुमार पाण्डेय की मौत हृदयविदारक घटना है। वह एक कुशल प्रशासक एवं संवेदनशील पदाधिकारी थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।”

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से कामना की कि वह उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें।

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद पाण्डेय को बक्सर का जिलाधिकारी बनाया गया था। 2012 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मुकेश को साल 2015 में संयुक्त सचिव रैंक में प्रमोशन मिला था। बक्सर में पदस्थापित होने के पूर्व वह कटिहार में उपविकास आयुक्त के पद पर कार्यरत थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493