इंफाल, 23 अगस्त (आईएएनएस)। मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के दिग्गज नेता ऋषंग कीशिंग को शुक्रवार को दफनाया जाएगा। उनके पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी बुधवार को दी।
मणिपुर के उखरुल जिले के उनके गांव बंग्पा में उन्हें दफनाया जाएगा। कीशिंग (97) का मंगलवार को निधन हो गया। उन्हें एक जुलाई को इंफाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इंफाल के पास मंत्री पुखरी स्थित कीशिंग के निवास पर बुधवार की सुबह सैकड़ों राजनेता, सामाजिक कार्यकर्ता व दूसरे लोग पहुंचे।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह, उनके पूर्ववर्ती कांग्रेस के ओकराम इबोबी व कई अन्य लोगों ने कीशिंग के निधन पर शोक जताया। तंगखुल जनजाति के नेता राज्य मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री व संसद के दोनों सदनों के सदस्य रहे थे।
बीरेन सिंह ने कहा, “मणिपुर ने एक शानदार नेता खो दिया।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “जनता के नेता की दिवंगत आत्मा के सम्मान में मणिपुर में तीन दिनों तक शोक रहेगा। सभी सरकारी कार्यालय व शैक्षिक संस्थान बुधवार को उनके प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए बंद रहे।”
dharmpath.com dharmpath