चिदंबरम की राज्यसभा सदस्यता रद्द हो : अजीत जोगी

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने गुरुवार को निर्वाचन आयोग से पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम को ‘अपनी संपत्ति का ब्योरा पिछले तीन चुनावी शपथपत्रों में छिपाने’ के मामले में नोटिस जारी करने व लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत उनकी (चिदंबरम की) राज्यसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की।

मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में जोगी ने ओडिशा से बीजू जनता दल के सांसद बैजयंत जय पांडा द्वारा 3 अगस्त 2017 को जारी वक्तव्य का हवाला दिया है जिसमें पांडा ने यह माना था कि पी. चिदंबरम की पत्नी नलिनी चिदंबरम, सांसद बैजयंत जय पांडा की कंपनी इंडियन मेटल फेरो अलॉयज लिमिटेड में शेयरों की मालकिन हैं।

जोगी ने चुनाव आयोग को लिखा है कि जब स्वयं एक सांसद अधिकृत तौर पर यह कबूल रहा है कि दूसरे सांसद की पत्नी के उसके कंपनी में शेयर हैं और जिसका उल्लेख उस सांसद के चुनावी हलफनामे में नहीं है तो ऐसे में आयोग को मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। विशेषकर तब जब चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार को अपनी संपत्ति के एक-एक रुपये की जानकारी अपने चुनावी शपथपत्र में देने का कड़ा कानूनी प्रावधान हो।

जोगी ने अपने पत्र में लिखा है कि जब चिदंबरम एक कंपनी में शेयर की जानकारी छुपा सकते हैं तो इसकी प्रखर संभावना है कि वो कई और कंपनियों में अपने शेयर एवं संपत्ति की जानकारी छुपा रहे हों।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493