तुरीन, 26 अगस्त (आईएएनएस)। जुवेंतस के मुख्य कोच मासिमिलियानो एलेग्री ने सेरी-ए लीग में जेनोआ के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले में मिडफील्डर क्वाडो आसामोह के टीम में शामिल न होने की पुष्टि की है।
कोच का कहना है कि घाना के खिलाड़ी आसामोह अब क्लब से अलग होने की सोच रहे हैं।
जुवेंतस की वेबसाइट पर जारी एक बयान में कोच ने कहा, ‘जेनोआ के खिलाफ मैच के लिए टीम में आसामोह शामिल नहीं होंगे। वह क्लब के साथ अपना भविष्य नहीं देख रहे हैं।’
घाना के 28 वर्षीय खिलाड़ी का नाम तुर्की के ग्लातासारे क्लब के साथ जोड़ा जा रहा है। तु*++++++++++++++++++++++++++++र्*श क्लब ने आसामोह के साथ करार के लिए कथित तौर पर जुवेंतस को एक करोड़ डॉलर का प्रस्ताव दिया है।
साल 2012 में उडिनेसे से आसामोह इटली के जुवेंतस क्लब में शामिल हुए थे। 2008 में घाना के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण करने के बाद उन्होंने अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए 69 मैच खेले।
कोच एलेग्री ने मजबूत टीम जेनोआ के खिलाफ मैच से पहले अपने खिलाड़ियों को मैच को लेकर चेताया।
एलेग्री ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि जेनोआ इस मैच में जीत के लिए अपना हर प्रयास करेगा। इस टीम के खिलाफ मैच कभी भी आसान नहीं रहा है। हम पिछले साल नवम्बर की तरह इस मैच में कोई भी गलती नहीं करना चाहते हैं।’
dharmpath.com dharmpath