नांदयाल (आंध्र प्रदेश), 28 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने नांदयाल विधानसभा सीट पर भारी मतों से जीत दर्ज की है। इससे वाईएसआर कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है, जिसने 2014 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी।
तेदेपा के भुमा ब्रह्मानंद रेड्डी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वाईएसआर कांग्रेस के शिल्पा मोहन रेड्डी को 27,466 वोटों से हरा दिया।
ब्रह्मानंद रेड्डी को 97,076 वोट हासिल हुए जबकि शिल्पा मोहन रेड्डी को 69,610 वोट मिले। कांग्रेस बहुत ही पीछे रही। उसे सिर्फ 1,382 वोट मिले।
यह सीट दोनों पार्टियों के लिए प्रतिष्ठा का विषय मानी जा रही थी। ब्रह्मानंद रेड्डी पहले चरण की गणना से ही बढ़त बनाए हुए थे। तेदेपा उम्मीदवार ने 16वें चरण को छोड़कर 19 चरण की गिनती में सभी में अपनी बढ़त बनाए रखी और भारी मतों से जीत दर्ज की।
नांदयाल सीट पर 23 अगस्त को हुए उपचुनाव में 2.16 लाख मतदाताओं में से करीब 80 फीसदी ने वोट डाले।
वाईएसआर कांग्रेस के भुमा नागी रेड्डी ने 2014 में इस सीट पर शिल्पा मोहन रेड्डी पर 3,604 वोटों से जीत दर्ज की थी। शिल्पा मोहन रेड्डी उस समय तेदेपा के उम्मीदवार के तौर पर लड़े थे।
बाद में नागी रेड्डी तेदेपा में शामिल हो गए थे। बीते साल अप्रैल में नागी रेड्डी के निधन से यह सीट खाली हुई थी।
तेदेपा ने भुमा नागी रेड्डी के भतीजे ब्रह्मानंद रेड्डी को इस सीट से मैदान में उतारा, जबकि शिल्पा मोहन रेड्डी को वाईएसआर कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया। शिल्पा ने तेदेपा से टिकट नहीं मिलने पर वाईएसआर का दामन थाम लिया।
उपचुनाव के नतीजों को तेदेपा-भाजपा सरकार के कामकाज के लिए जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि इससे यह संकेत मिल सकता है कि 2019 के चुनावों में हवा किस तरफ बह सकती है।
dharmpath.com dharmpath