वामपंथ विरोधी माहौल बनाने के लिए भाजपा रच रही है साजिशें : येचुरी (फोटो सहित)

इंदौर, 29 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में भाजपा विरोधी विभिन्न दलों द्वारा आयोजित साझा विरासत कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को कांग्रेस से नहीं वामपंथ से डर लगता है, यही कारण है कि देश में वामपंथ विरोधी माहौल बनाने की केंद्र सरकार साजिशें रच रही है।

वामपंथी कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों से चर्चा करते हुए येचुरी ने बुधवार को कहा, “भाजपा को कांग्रेस से कोई डर नहीं है। उसे असली डर वामपंथ, कम्युनिस्टों से है। इसीलिए वह राजनीतिक साजिशें रचकर ऐसा वातावरण बना रही है, जिससे जनांदोलनों के लिए मुश्किलें खड़ी हों। लोकतंत्र पर हमले और सांप्रदायिकता का उन्माद खड़ा करना इसी रणनीति का हिस्सा है।”

उन्होंने कहा कि केरल, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा को निशाना बनाया जा रहा है। हत्याएं वामपंथी कार्यकर्ताओं की हो रही हैं, झूठा दुष्प्रचार करके उन्हीं के विरुद्ध तोहमतें मढ़ी जा रही हैं।

येचुरी ने कहा, “मोदी के तीन हथियार हैं खरीदना, धमकियां देना, सीबीआई का इस्तेमाल करना। लोकतंत्र के प्रति अनादर इतना है कि उनका फॉर्मूला है, चुनाव हार भी जाओ, मगर सरकार फिर भी अपनी बनाओ। इन्ही फॉर्मूलों पर चलकर त्रिपुरा की पूरी कांग्रेस जो पहले तृणमूल कांग्रेस बन गई थी, अब भाजपा बन गई है।”

उन्होंने कहा, “बंगाल में तृणमूल और भाजपा सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की प्रतियोगिता छेड़े हुए हैं। भाईचारे और सौहार्द की मिसाल बंगाल में भी गौ-गुंडई फैलाई जा रही है।”

वाम कार्यकर्ताओं को भाकपा सांसद डी. राजा ने भी संबोधित किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493