कांग्रेस ने बच्चों की मौत पर झारखंड के मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगा

नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के दो प्रमुख सरकारी अस्पतालों में 300 बच्चों की मौत में आपराधिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने बुधवार को मुख्यमंत्री रघुबर दास के इस्तीफे व स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की।

कांग्रेस ने उच्च न्यायालय के एक मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में न्यायिक जांच कराने की भी मांग की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में स्वास्थ्य ढांचे में गंभीर कमी पर ध्यान देने की बात कही।

एआईसीसी के राज्य प्रभारी आर.पी.एन. सिंह ने कहा कि झारखंड के रांची व जमशेदपुर जिले बुरे दौर से गुजर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “भाजपा की अगुवाई वाली रघुबर दास सरकार के रूखेपन की वजह से बीते चार महीनों में सिर्फ जमशेदपुर में 164 बच्चों की मौत हुई।”

सिंह ने कहा कि जमशेदपुर में हुईं 164 मौतों में से 60 मौतें सिर्फ बीते महीने हुई हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि बीते 28 दिनों में राज्य की राजधानी रांची में 133 मौतों की खबर है।

उन्होंने कहा, “इसका मतलब है कि राज्य में करीब 300 बच्चों की मौत दो बड़े सरकारी अस्पतालों -राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) रांची और महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज व अस्पतला जमशेदपुर में हुई हैं। इस तरह आप समझ सकते हैं कि राज्य के बाकी हिस्सों में क्या स्थिति होगी।”

सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए विरोध प्रदर्शन करती रहेगी।

पार्टी ने रघुबर दास, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी व वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई है।

पार्टी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी)में भी शिकायत दर्ज कराई है। आयोग ने झारखंड के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर छह हफ्तों में रपट सौंपने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विरोध पर ध्यान देते हुए झारखंड उच्च न्यायालय ने मुद्दे का संज्ञान लिया और सिविल व सत्र न्यायाधीश से अस्पताल का दौरा करने और रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

उन्होंने कहा कि यहां तक कि झारखंड की राज्यपाल ने इस तरह की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए कहा है। लेकिन मुख्यमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला है और न ही किसी अस्पताल का दौरा किया है।

सिंह ने जमशेदपुर में इनक्यूबेटर में खराबी को लेकर सवाल उठाया और कहा कि अस्पताल के अधिकारी एक इनक्यूबेटर में तीन से चार नवजात को रख रहे हैं, जबकि तथ्य यह है कि सिर्फ एक इनक्यूबेटर एक बच्चे के लिए पर्याप्त होता है।

उन्होंने गोरखपुर में हुई बच्चों की मौत के साथ ही भाजपा शासित राजस्थान में 81 बच्चों व छत्तीसगढ़ में तीन बच्चों की मौतों पर सवाल उठाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493