नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। दोहा में खेली गई एएफसी अंडर-23 चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने वाली भारतीय टीम के छह खिलाड़ियों को एएफसी एशियन कप क्वालीफायर में पांच सिंतबर को मकाऊ के खिलाफ होने वाले मैच के लिए भारत की 24 सदस्यीय टीम में जगह मिली है।
टीम शुक्रवार को मकाऊ के लिए रवाना होगी। गुरुवार को मैच के लिए टीम की घोषणा की गई।
भारतीय टीम इस समय ग्रुप-ए में छह अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। उसने म्यांमार और किर्गिस्तान को लगातार दो मैचों में मात दी थी।
भारतीय टीम के कोच स्टीफन कांस्टेनटाइन मकाऊ को हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “मकाऊ अपने घर में और अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलेगी। घर में खेलने और बाहर खेलने में काफी अंतर होता है और हम इस चुनौती को बखूबी जानते हैं।”
भारतीय टीम इस समय मुंबई में शिविर में हिस्सा ले रही है और हाल ही में उसने मॉरिशस और सेंट एंड नेविस के साथ दो मैच खेले थे।
कोच ने कहा, “इन मैचों से हमें जरूरी अभ्यास मिला जो मकाऊ के खिलाफ काम आएगा।”
टीम:
गोलकीपर : गुरप्रीत सिंह संधू, सुब्रता पॉल, अल्बिनो गोम्स।
डिफेंडर : प्रीतम कोटाल, लालरुथारा, संदेश झिंगान, अनस इडाथोडिका, अर्नब मोंडाल, सलामी रंजन सिंह, नारायण दास, जैरी लालरिनजुआला।
मिडफील्डर : उदांता सिंह, जैकीचंद सिंह, निखिल पुजारी, इयुजेंसन लिंगदोह, रोवलिन बोर्जस, मोहम्मद रफीक, जर्मनप्रीत सिंह, अनिरुद्ध थापा, हालिचरण नारजारी।
फॉरवर्ड : जेजे लालपेख्लुआ, सुनील छेत्री, रोबिन सिंह, बलवंत सिंह।
dharmpath.com dharmpath