उप्र : लोहिया अस्पताल में जल्द मिलेगी टेली-डर्मिटोलॉजी की सुविधा

प्रदेश के चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने गुरुवार को बताया, “अभी तक प्रदेश के किसी भी सरकारी अस्पताल में टेली-डर्मिटोलॉजी की सुविधा उपलब्ध नहीं है। फिलहाल प्रदेश के सरकारी चिकित्सालयों में चर्म रोग विशेषज्ञों की भारी कमी है। इस समस्या को देखते हुए प्रदेश में सर्वप्रथम लोहिया अस्पताल के त्वचा रोग विभाग में टेली-डर्मिटोलॉजी की सुविधा उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया गया है।”

उन्होंने बताया, “त्वचा रोगियों की सुविधा के लिए टेली-डर्मिटोलॉजी प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया गया है। साथ ही मरीजों की गोपनीयता का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। रोगी अपने मोबाईल फोन पर गूगल-एप के जरिए अथवा चिकित्सालय की वेबसाइट का इस्तेमाल कर टेली-डर्मिटोलॉजी सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।”

सिंह ने बताया कि रोगियों को अपनी त्वचा संबंधी बीमारी के लक्षण एवं जिस भाग में समस्या है, उसकी फोटो गूगल-एप अथवा वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। इसके उपरांत रोगी को उनके मोबाईल पर एक आईडी नंबर दिया जाएगा।

मंत्री ने बताया, “चिकित्सक द्वारा लक्षण एवं फोटो के आधार पर उपचार संबंधित सलाह रोगी के मोबाईल तथा आईडी पर भेज दी जाएगी, जिसमें प्रिस्क्रिप्शन भी शामिल होगा। यदि चिकित्सकों को लगा कि बीमारी गंभीर है तो जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञा मरीज को चिकित्सालय भी बुला सकते हैं।”

उन्होंने बताया कि लोहिया अस्पताल में प्रारंभ की जा रही इस योजना की सफलता के उपरांत अन्य चिकित्सालयों को भी इससे जोड़ा जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493