पटना, 1 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवसर पर राज्य एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
राज्यपाल त्रिपाठी ने बकरीद के मौके पर सभी राज्य के लोगों को मुबारकबाद देते हुए अपने संदेश में कहा, “त्याग और बलिदान की प्रेरणा देनेवाला यह त्योहार हमारे जीवन में सहनशीलता, सद्भावना और प्रेम की भावना लगाता है।”
उन्होंने लोगों से अनुरोध करते हुए कहा कि इस अवसर पर सबलोग समाज में सद्भावना और भाईचारा की मजबूती के लिए संकल्पित हों, जिससे बिहार अमन और तरक्की के रास्ते पर लगातार तेजी से आगे बढ़ता रहे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “ईद-उल-जुहा का त्योहार असीम आस्था का त्योहार है। खुदा के हुक्म पर बड़ी से बड़ी कुर्बानी दिए जाने के लिए तैयार रहना इस त्योहार का आदर्श है। यह त्योहार कुर्बानी के महत्व को दर्शाता है।”
मुख्यमंत्री ने इस त्योहार को मेल-जोल, आपसी भाईचारा एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों का आनंद आपसी भाईचारा एवं मेल-जोल के साथ मिलकर मनाने से बढ़ता है और त्योहार का सच्चा आनंद मिलता है।
राजद के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद ने भी देश एवं राज्यवासियों को ईद-उल-जुहा की शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
dharmpath.com dharmpath