नीतीश बताएं, बाढ़ 2 पैर वाले चूहों या 4 पैर वाले चूहों की वजह से आई : लालू

पटना, 2 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने बिहार में बाढ़ के पीछे चूहों की भूमिका होने के राज्य सरकार के एक मंत्री के बयान पर शुक्रवार को तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह बताना चाहिए कि बिहार में बाढ़ दो पैर वाले चूहों की वजह से आई या चार पैरों वाले चूहों की वजह से।

पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू ने ट्विटर पर मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधते हुए लिखा, “नीतीश बताएं कि बिहार में बाढ़ दो पैर वाले चूहों की वजह से आई या चार पैरों वाले चूहों की वजह से, जो तटबंध निर्माण का हजारों करोड़ रुपये खा गए।”

लालू यहीं नहीं रुके। एक अन्य ट्वीट में लालू ने अपने खास अंदाज में कटाक्ष करते हुए लिखा, “बाढ़ की जवाबदेही चूहों की है, नीतीश की थोड़े है। नीतीश तो नैतिकता के नशे में मस्त और अंतरात्मा से वार्तालाप में व्यस्त हैं। जय हो चूहा सरकार की!”

एक अन्य ट्वीट में लालू ने लिखा, “हजारों टन शराब गायब -चूहे जिम्मेदार। बाढ़ में हजारों लोग मरे -चूहे जिम्मेदार। मानो ये चूहे ना हुए, नीतीश के सरकारी बलि के बकरे हो गए!”

उन्होंने आगे एक ट्वीट में लिखा, “गजब रे गजब भाई! क्या आप जानते हैं, बिहार में बाढ़ चूहों के कारण आई। यदि नहीं, तो पता करिए, नीतीश बताएंगे कि चूहे कैसे बिहार में बाढ़ लेकर आए।”

उल्लेखनीय है कि बिहार के जलसंसाधन मंत्री ललन सिंह ने बिहार में तटबंध में बाढ़ के रिसाव का बड़ा कारण चूहे को मानते हुए चूहे को ही बाढ़ का प्रमुख कारण बताया था। इस बयान के बाद विपक्षी दल के लोग लगातार नीतीश सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493