सूचना आयुक्त चयन समिति से नरोत्तम को हटाएं : मप्र कांग्रेस

भोपाल, 6 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में राज्य सूचना आयोग में दो सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए बनाई गई समिति में निर्वाचन आयोग द्वारा अयोग्य ठहराए गए मंत्री नरोत्तम मिश्रा को शामिल किए जाने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मिश्रा के समिति के सदस्य रहने पर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया है।

नेता प्रतिपक्ष ने बुधवार को एक बयान जारी कर राज्य सूचना आयोग में दो सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए गठित समिति में डॉ़ नरोत्तम मिश्रा को सदस्य बनाने की वैधानिकता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जो व्यक्ति भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अयोग्य घोषित हो, वह किसी ऐसी समिति का सदस्य कैसे हो सकता है, जो एक संवैधानिक संस्था के सदस्य का चयन करेगी।

सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि डॉ़ नरोत्तम मिश्रा चुनाव आयोग द्वारा अयोग्य घोषित कर दिए गए हैं। उनका मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में चल रहा है। मिश्रा की उपस्थिति में होने वाली चयन समिति की बैठक की वैधानिकता पर प्रश्न उठेगा। इसे अगर चुनौती दी तो सदस्यों के चयन की पूरी प्रक्रिया निर्थक होगी।

नेता प्रतिपक्ष सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि वे वैधानिक स्थिति को देखते हुए समिति का पुनर्गठन करें और उसमें डॉ़ मिश्रा के स्थान पर किसी अन्य की नियुक्ति करें, ऐसा न होने की स्थिति में सिंह ने बैठक में हिस्सा लेने में असमर्थता जताई है।

राज्य में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए बनी समिति में मुख्यमंत्री चौहान, नेता प्रतिपक्ष सिंह के अलावा मंत्री मिश्रा भी सदस्य हैं। मिश्रा का मामला फिलहाल दिल्ली उच्च न्यायालय की युगलपीठ में चल रहा है। अयोग्य ठहराए गए मिश्रा को अदालत से स्थगन मिला हुआ है, मामले की सुनवाई सात सितंबर को होनी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493