नई दिल्ली, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। चक्रवाती तूफान इरमा की तबाही के बाद भारत ने वेनेजुएला, अमेरिका, नीदरलैंड, और फ्रांस स्थित अपने राजनयिक मिशनों से कहा है कि वे भारतीय प्रवासियों से लगातार संपर्क बनाए रखें। इन देशों के कैरेबियाई क्षेत्रों में तूफान से सर्वाधिक तबाही हुई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, “चक्रवाती तूफान इरमा की तबाही के बाद वेनेजुएला, नीदरलैंड, फ्रांस और अमेरिका में स्थिति हमारे मिशन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।”
उन्होंने कहा, “वे इरमा से प्रभावित भारतीय प्रवासियों से और यथासंभव सभी आवश्यक मदद मुहैया कराने के लिए स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क में है।”
कुमार ने प्रभावितों की किसी भी तरह की सहायता के लिए दूतावासों में आपात नंबर भी जारी किए हैं। ये नंबर इस प्रकार हैं – वेनेजुएला : +584241951854/4142214721, नीदरलैंड : +31247247247 और फ्रांस : 0800000971
इस सप्ताह बरबुडा और वर्जिन द्वीप समेत अन्य कैरेबियाई द्वीपों पर आए इरमा तूफान से कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई थी।
नीदरलैंड में भारतीय दूतावास ने एक अलग संदेश जारी कर कहा कि ब्रिटेन और फ्रांस की तत्पर सहायता से लोगों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।
संदेश के अनुसार, वेनेजुएला के काराकास में भारतीय दूतावास लगातार वहां रह रहे भारतीयों की सलामती के लिए स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जल्द ही फ्रांस के कैरेबियाई क्षेत्र की यात्रा करने वाले हैं, वहीं नीदरलैंड सरकार ने भी अपने क्षेत्र में तूफान से हुई तबाही के बाद आपात बैठक बुलाई है।
dharmpath.com dharmpath