भोपाल, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में बुधवार की सुबह से मौसम साफ है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य में बुधवार को मौसम साफ होने से धूप खिली है, उमस का असर बना हुआ है। मगर बीते 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में हुई बारिश से गर्मी कुछ कम है। बीते 24 घंटों में भोपाल में 30 मिलीमीटर और इंदौर में 45.5 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जबलपुर, शहडोल, ग्वालियर संभागों में कई स्थानों पर बारिश हुई।
वहीं, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद,भोपाल संभागों के अतिरिक्त छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट,मंडला, नरसिंहपुर, अनूपपुर आदि जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
राज्य में बीते 24 घंटों में हुई बारिश से तापमान में आंशिक गिरावट आई है। बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 21.5 डिग्री, ग्वालियर का 26 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 31.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 37.4 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath