तिरुवनंतपुरम, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। इस्लामिक स्टेट (आईएस) आंतकवादियों के चंगुल से मुक्त कराए गए कैथोलिक पादरी फादर टॉम उजुनालिल वेटिकन पहुंचे हैं। चर्च के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
टॉम का पिछले साल मार्च में यमन के अदन में स्थित एक देखभाल केंद्र से अपहरण कर लिया गया था। 18 महीने तक आईएस के कब्जे में रहे टॉम को मंगलवार को मस्कट लाया गया।
मीडिया से बात करते हुए प्रवक्ता फादर पी. वर्गीस ने बुधवार को कहा कि आईएस के चंगुल से मुक्त कराए गए पादरी टॉम को भारत लौटने में कुछ समय लगेगा।
उन्होंने कहा, “उनका वेटिकन जाने का कारण यह है कि वह जिस धार्मिक समूह (केलेस्टिन) से संबंध रखते हैं वह वेटिकन में है।”
विदेश मामलों के मंत्रालय ने भी टॉम के वेटिकन पहुंचने की पुष्टि की है।
टॉम की नवीनतम तस्वीरों में वह बगैर दाड़ी के नजर आ रहे हैं। जबकि मस्कट पहुंचने के तुरंत बाद जारी उनकी पहली तस्वीर में वह लंबे बालों और एक सफेद दाढ़ी में नजर आ रहे थे।
अगस्त में ओमान में पोप के प्रतिनिधि के आगमन और ओमान के शाह के साथ उनकी मुलाकात के बाद कैथोलिक पादरी की रिहाई संभव हो पाई है।
dharmpath.com dharmpath