नीमच, 13 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में फर्जी खनिज अधिकारी बनकर ट्रक चालकों से अवैध वसूली करते चार लोग पकड़े गए, जिनमें भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भीमावत भी शामिल हैं।
नीमच सिटी थाने के प्रभारी दीपक खत्री ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि शहर से लगभग तीन किलोमीटर दूर मंगलवार की रात महू-नसीराबाद राजमार्ग को जोड़ने वाले मार्ग पर कुछ लोग ट्रक चालकों से अवैध वसूली कर रहे थे। एक ट्रक चालक डूंगाराम ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा। इन लोगों पर ट्रक चालक से साढ़े तीन हजार रुपये छीनने का भी आरोप है।
खत्री ने बताया, “पकड़े गए आरोपियों में भाजयुमो का जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भीमावत भी शामिल है। उसके साथ तीन अन्य लोग सुनील गौड़, मोहित व गिरजाशंकर भी थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।”
भाजयुमो केंद्र और प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई है। पार्टी का दावा है कि वह देश और प्रदेश को भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने में जुटी है।
dharmpath.com dharmpath