बिहार : बालू माफियाओं के हमले में थाना प्रभारी सहित 3 पुलिसकर्मी घायल

हाजीपुर, 15 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र में रेत खनन के अवैध धंधे से जुड़े लोगों ने गुरुवार को पुलिस दल पर हमला कर दिया, जिससे थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हाजीपुर-लालगंज मुख्यमार्ग पर चंद्रालय के पास सदर थाने की गश्ती टीम पर गुरूवार देर रात रेत माफियाओं से जुड़े 12 से 15 लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने पुलिस दल की लाठी-डंडे और लोहे के रॉड से जमकर पिटाई की और फिर फरार हो गए।

हाजीपुर के पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार ने शुक्रवार को बताया कि इस घटना में थाना प्रभारी चितरंजन ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि अन्य दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। ठाकुर को इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

अजय कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में हमलावरों को बख्शा नहीं जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सरकार के निर्देश पर इन दिनों रेत के अवैध धंधे को रोकने के लिए पुलिस सख्त रवैया अपनाए हुए है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493