उत्तर कोरिया ने फिर जापान के ऊपर से दागी मिसाइल (लीड-2)

सियोल, 15 सितंबर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की चेतावनियों को दरकिनार करते हुए उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को एक और मिसाइल दागी, जो उत्तरी जापान के ऊपर से होते हुए प्रशांत महासागर में जा गिरी। इस तरह उत्तर कोरिया ने दो हफ्ते से कम समय पहले किए गए परमाणु बम परीक्षण के बाद नया तनाव पैदा कर दिया है।

समाचार एजेंसी योनहाप के मुताबिक, दक्षिण कोरिया सेना ने कहा कि मिसाइल प्योंगयांग के सुनान जिले से दागी गई। मिसाइल करीब 770 किमी की ऊंचाई तक पहुंची व 3,700 किमी की दूरी तय कर होक्काइडो के समुद्री क्षेत्र में गिरी।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह पिछले महीने उत्तर कोरिया द्वारा जापान के ऊपर से दागी गई मिसाइल से ज्यादा ऊंचाई से गुजरी।

जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा कि यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और यह अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के कोरियाई संकट के शांतिपूर्ण समाधान की मंशा के खिलाफ है।

दक्षिण कोरिया ने चंद मिनटों के भीतर दो बैलिस्टिक मिसाइलों को समुद्र में दागकर उत्तर कोरिया के प्रक्षेपण पर प्रतिक्रिया दी।

अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिल्लरसन ने भी उत्तर कोरिया के मिसाइल प्रक्षेपण की निंदा की और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद अमेरिका व जापान के आग्रह पर बैठक करेगी।

उत्तर कोरिया के वैचारिक सहयोगी चीन ने मिसाइल परीक्षण को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन कहा है।

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिद के प्रस्तावों का उल्लंघन कर उत्तर कोरिया द्वारा बैलिस्टिक तकनीकी का इस्तेमाल कर मिसाइल परीक्षण करने पर चीन आपत्ति जाहिर करता है।”

उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए द्वारा बुधवार को एक बयान में चार जापानी द्वीपसमूहों को समुद्र में डुबो दिए जाने का बयान दिए जाने के बाद शुक्रवार का यह मिसाइल परीक्षण किया गया है।

उत्तर कोरिया फरवरी 2017 के बाद से अब तक 14 परीक्षणों के दौरान 21 मिसाइलें दाग चुका है। वह हर परीक्षण के साथ अपनी मिसाइल प्रौद्योगिकी को बेहतर बना रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493