कर्नाटक के पूर्व मंत्री कमरुल इस्लाम का निधन

बेंगलुरू, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस के दिग्गज नेता और कर्नाटक के पूर्व मंत्री कमरुल इस्लाम का सोमवार को यहां एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया। वह 69 वर्ष के थे।

नारायण स्वास्थ्य अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार शिवप्रसाद ने संवाददाताओं को बताया, “आईसीयू में दिल का दौरा पड़ने और शरीर के अंगों के काम करना बंद करने के कारण कमरुल इस्लाम की शाम को मौत हो गई। वह अस्पताल में पिछले 10 दिनों से अपने पैर के घाव का इलाज करा रहे थे।”

बेंगलुरू से 630 किमी दूर स्थित राज्य के उत्तरी क्षेत्र कलबुर्गी से वह छह बार विधायक और एक बार लोकसभा सदस्य भी रहे। जून 2016 में सिद्धारमैया की सरकार से हटाए जाने से पहले तक वह वक्फ मंत्री थे।

पार्टी के एक अधिकारी ने कहा, “इस्लाम चार दशकों से एक वफादार कांग्रेसी थे, उन्हें जुलाई में केरल में पार्टी मामलों का प्रभारी नियुक्त किया गया था।”

नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए इस्लाम के पार्थिव शरीर को अस्पताल से पार्टी के राज्य इकाई कार्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है।

एक अधिकरी ने बताया, “इस्लाम के पार्थिव शरीर को राज्य सम्मान के साथ दफनाने के लिए देर शाम एक हेलीकॉप्टर में कलबुर्गी भेजा जाएगा।”

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, पार्टी राज्य इकाई के अध्यक्ष जी. परमेस्वरा, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश गुंडे राव और अन्य नेताओं ने इस्लाम की अचानक मौत पर शोक व्यक्त किया है।

इस्लाम को सम्मान देने के लिए उनके सैकड़ों समर्थक और अनुयायी शहर के उत्तरी उपनगर में स्थित उनके निवास और कलबुर्गी में भी जमा हुए हैं।

इस्लाम ने 1970 के उत्तरार्ध में मुस्लिम लीग के एक सदस्य के रूप में अपने राजनैतिक जीवन की शुरूआत की थी। 1980 में वह कांग्रेस से जुड़े।

1999 से 2004 के बीच वह एस.एम.कृष्णा की सरकार में भी मंत्री रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493