जबलपुर, 18 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के जबलपुर में गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के पंजीयन के एवज में फर्म एंड सोसायटी के ऑडिटर को रिश्वत मांगना महंगा पड़ा। लोकायुक्त पुलिस के दल ने सोमवार को ऑडिटर को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त निरीक्षक मनोज गुप्ता ने सोमवार को बताया कि नरसिंहपुर निवासी मोहम्मद हुसैन खान को अपने एनजीओ का पंजीयन कराना था, जिस पर ऑडिटर कमलेश कुमार साकेत ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। खान ने इसकी शिकायत जबलपुर के लोकायुक्त कार्यालय में पुलिस अधीक्षक से की।
निरीक्षक गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने सोमवार शाम लगभग पौने पांच बजे उद्योग भवन स्थित फर्म एंड सोसायटी के कार्यालय पहुंचकर रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर पांच हजार रुपये ऑडिटर साकेत को दिए, तभी लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। बाद में उसे निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
रिश्वतखोर ऑडिटर मूलत: अमरपाटन का रहने वाला है। उसकी संपत्ति, निवेश व बैंक खाते की जानकारी जुटाई जा रही है।
dharmpath.com dharmpath