सिक्किम : भूस्खलन से 6 लोगों की मौत

गंगटोक/सिलीगुड़ी, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। सिक्किम के दक्षिण जिले में बुधवार को भारी बारिश की वजह से कई स्थानों पर हुए भूस्खलनों में छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं। भूस्खलन की वजह से कई जगहों पर सड़कें अवरुद्ध हो गईं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सुधाकर राव ने कहा कि सभी मौतें नामची पुलिस थाने के तीन इलाकों में घरों के ढहने से हुईं।

अपर गुरपिसे इलाके में तड़के लगभग दो बजे हुए एक भूस्खलन के दौरान मलबे में दफन होने की वजह से एक किशोर और एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई।

दूसरी घटना अपर बोकरोंग वार्ड में सुबह लगभग तीन बजे हुई, जिसमें एक घर के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।

एक अन्य किशोर की खोरलांग में उस समय मौत हो गई, जब भूस्खलन के कारण उसका घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

लोअर काटेंग बोकरोंग में घर गिरने के कारण एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। उसे घर से निकालकर नामथांग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

राव ने कहा कि भूस्खलन की वजह से दक्षिण जिले में कई सड़कों को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है। सड़कों की बहाली का कार्य जारी है।

पश्चिम जिले में भी कुछ सड़कें भूस्खलन की वजह से अवरुद्ध हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493