नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। देश में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करने वाले स्टार्ट-अप की तलाश के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान, कलकत्ता इनोवेशन पार्क (आईआईएमसीआईपी) ने व्यापक अंतर्राष्ट्रीय पहल ‘स्मार्ट फिफ्टी-50 सॉल्यूशंस टू ट्रांसफॉर्म इंडिया’ की बुधवार को घोषणा की।
संस्थान की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, केंद्र सरकार की ‘स्टार्ट-अप इंडिया’ पहल के साथ ही इनोवेशन तथा उद्यमिता के जरिए सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लक्ष्य के अनुरूप इसकी योजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के साथ मिलकर बनाई गई है, जिसका मकसद विभिन्न क्षेत्रों के आकांक्षी और प्रारंभिक स्तर के ऐसे उद्यमियों को पहचानना, उन्हें मान्यता देना और पुरस्कृत करना है, जो अपने इनोवेटिव समाधानों के साथ भारत के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य को बदल सकते हैं।
आईआईएमसीआईपी के निदेशक प्रो. अशोक बनर्जी ने कहा, “हम टिकाऊं, प्रेरणादायी, किफायती, जिम्मेदार और परिवर्तनकारी या स्मार्ट विचारों को प्रोत्साहित करते हैं और उन्हें जरूरी मदद मुहैया कराते हैं, ताकि वे देश में सकारात्मक प्रभाव पैदा कर सकें। हम प्रतिभागियों को मार्गदर्शन, दृश्यता और फंड तक पहुंच प्रदान करेंगे, जो उनके उद्यम को अगले स्तर तक ले जाने में मदद करेंगे।”
चयनित उद्यमियों को आईआईएमसीआईपी के विशेषज्ञों से बिजनेस मॉडल के विभिन्न पहलुओं, फंड जुटाने और वास्तविक जीवन के सबक का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा। दूसरी ओर, डीएसटी समाधान के नमूने (प्रोटोटाइप) के लिए स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र और सीड फंड की उपलब्धता प्रदान करेगा।
आईआईएमसीआईपी बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. आर. रामराज ने कहा, “स्मार्ट फिफ्टी का उद्देश्य ऐसे विचारों पर काम करने वाले स्टार्टअप्स की पहचान करना और उनका मार्गदर्शन करना है, जो भारत में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद कर सकता है। हमें इस क्षेत्र में उदयीमान उद्यमियों को परामर्श, सीड फंड, प्रशिक्षण और नेटवर्किं ग के अवसर प्रदान करने में खुशी होगी। आईआईएमसीआईपी ने सभी आवश्यक सपोर्ट के साथ एक पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है, जो इनोवेटिव विचारों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से स्वतंत्र कारोबार में बदलने में मदद करेगा।”
dharmpath.com dharmpath