बैडमिंटन : जापान ओपन के सेमीफाइनल में हारी प्रणव-सिक्की की जोड़ी (लीड-2)

टोक्यो, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत के प्रणव जेरी चोपड़ा और एन. सिक्की रेड्डी की मिश्रित युगल जोड़ी शनिवार को 325,000 डॉलर इनामी राशि वाले जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हार गई।

भारतीय जोड़ी को जापान के ताकुरो होकी और सायाका हिरोत ने 14-21, 21-15, 21-19 से हराया। यह मैच एक घंटे चला।

होकी और हिरोत की जोड़ी रविवार को होने वाले फाइनल में चीन की वांग यिल्व और हुआंग डोंगपिन की जोड़ी से भिड़ेगी।

भारतीय खिलाड़ियों में प्रणव और सिक्की की जोड़ी का प्रदर्शन टोक्यो में सबसे अच्छा रहा। ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु और सायना नेहवाल गुरुवार को दूसरे दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई थीं जबकि किदाम्बी श्रीकांत और एच.एस. प्रणॉय को क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

पारुपल्ली कश्यप मंगलवार को मुख्य ड्रॉ के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे थे।

इस बीच, ओलम्पिक चैम्पियन स्पेन की केरोलिना मारिन महिला एकल के फाइनल में पहुंच गई हैं। मारिन को जापान की नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ वॉकओवर मिला। ओकुहारा ने ही सिंधु को हराया था।

मारिन फाइनल में मौजूदा विजेता चीन की ही बिंगजियाओ से भिड़ेंगी। छठी वरीय चीनी खिलाड़ी ने हमवतन चेन युफेई को 53 मिनट तक चले मुकाबले में 21-14, 25-23 से मात दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बिंगजियाओ के हवाले से लिखा है, “मारिन शानदार खिलाड़ी हैं। वह हमेशा आक्रामक खेल खेलती हैं, उन्हें फर्क नहीं पड़ता कि हालात अच्छे हैं या बुरे। वह काफी अच्छा आक्रमण करती हैं। मैं रविवार को होने वाले मैच में उनके खिलाफ अच्छा डिफेंस करने की कोशिश करूंगी।”

पुरुष एकल में मलेशिया के दिग्गज ली चोंग वेई, चीन के शी युकी को हराकर फाइनल में पहुंच चुके हैं। चोंग वई ने युकी को 39 मिनट तक चले सेमीफाइनल में 21-19, 21-18 से मात दी।

फाइनल में उनका सामना डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन से होगा। एक्सेलसेन ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के सोन वान हो को 46 मिनट में 21-16, 21-16 हराया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493