खड़से के लिए कराची से धमकी भरा फोन आया : दमानिया (लीड-1)

मुंबई, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्व नेता व सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने शनिवार को कराची के एक लैंडलाइन नंबर से जान से मारने की धमकी भरे फोन आने की शिकायत की है।

अंजलि ने एक बयान में कहा, “मुझे आधी रात के बाद 12.33 बजे एक धमकी भरा फोन आया, जिसमें मुझे भाजपा के पूर्व नेता एकनाथ खड़से के खिलाफ मामला वापस लेने के लिए कहा गया।”

बयान के अनुसार, टेलीफोन करने वाले ने दमानिया को धमकाते हुए कहा, “तूने जीना हराम कर रखा है सबका, तेरी फैमली है न।”

उन्होंने कहा कि ट्र कॉलर से पता चला कि यह नंबर कराची से किसी लैंडलाइन का है। दमानिया ने इस मामले में शनिवार सुबह सांताक्रूज पूर्व के वकोला पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।

उन्होंने ट्वीट किया, “इस बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सूचना दे दी है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) इसकी जांच कर रहे हैं।”

महाराष्ट्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता खड़से ने वर्ष 2014 में पुणे में संदिग्ध जमीन सौदा मामले में नाम आने के बाद राजस्व मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

इसके बाद दमानिया ने भी खड़से पर सिंचाई घोटाले में कथित रूप से कुछ ठेकेदारों को कई करोड़ रुपये का फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। इस मामले की अभी जांच चल रही है।

वहीं आम आदमी पार्टी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए मांग की कि चूंकि यह मामला नंबर से जुड़ा हुआ है और ऐसा माना जा रहा है कि यह भगोड़े डॉन दाऊद इब्राहिम कासकर से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसकी जांच विशेष एजेंसी जैसे रॉ या आईबी को सौंपी जानी चाहिए।

आप की प्रवक्ता प्रीति शर्मा मेनन ने कहा, “इस तरह की जांच पूरी तरह से अपर्याप्त है और यह जांच निश्चित ही रॉ और आईबी जैसी एजेंसियों को सौंपी जानी चाहिए, क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि यह नंबर दाऊद इब्राहिम से जुड़ा हुआ है।”

उन्होंने कहा कि एक नैतिक हैकर, मनीश भागले ने पहले कहा था कि यह नंबर करांची में दाऊद की पत्नी महजबीन शेख के नाम से पंजीकृत है।

भागले को बाद में हालांकि झूठा दावा करने के लिए गिरफ्तार किया गया था और साइबर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। वहीं खड़से को क्लीन चिट दे दिया गया था।

मेनन ने कहा, “दाऊद के घर से एकनाथ खड़से के पक्ष में फोन आया। इससे ज्यादा और अब क्या सबूत चाहिए, जिससे यह साबित होता है कि खड़से और दाऊद साथ मिलकर काम करते थे।”

उन्होंने कहा कि दमानिया को तत्काल पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493