जैज महोत्सव में देशी-विदेशी बैंड ने समां बांधा

नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय जैज महोत्सव में इजरायल, मेक्सिको, फ्रांस, स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, कोरिया और ताइवान से आए बैंड ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इसके अलावा इस महोत्सव में भारत से शामिल तीन बैंड ने भी अपने जलवे बिखेरे।

भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के तत्वावधान में आयोजित 7वें जैज महोत्सव का सोमवार को समापन हो गया। इस वर्ष इस कार्यक्रम में 15,000 से अधिक जैज प्रेमियों ने इसका आनंद उठाया। नेहरू पार्क में आयोजित इस महोत्सव के तीनों दिन पूरा पार्क बैंड की धुनों और संगीत प्रेमियों से खचाखच भरा हुआ था, जिसमें विदेशी दर्शक भी काफी संख्या में शामिल थे।

आईसीसीआर की ओर से जारी बयान के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका के बैंड (थोकोजेन आफ्ऱो जैज मुजो), स्पेन (अल्फोंसो अरोका फ्लैमेन्को), इजराइल (योगेवशेत्रित ट्रायो) और कोरिया (सी झू कोंग) ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों के दिलों को जीत लिया।

बयान के अनुसार, भारत के तीन बैंडों ने भी इसमें हिस्सा लिया। श्रोताओं ने उन्हें खूब सराहा तथा धुनों पर झूमते हुए दिखे। नागालैंड का रैटल एंड हम बैंड की मुख्य गायक तेजा मेरु ने कहा, “जैज महोत्सव में यह हमारा पहला परफॉरमेंस था, जिसके लिए हम काफी उत्साहित थे। हमने जैज का ओरिजिनल रूप प्रस्तुत किया है, यह एक बहुत बड़ा मंच है, जहां अन्य बैंडों के प्रदर्शन से काफी नई चीजें भी सीखने को मिलती हैं।”

ऐसा पहली बार है जब जैज महोत्सव दिल्ली के साथ साथ देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किया जा रहा है।

आईसीसीआर के महानिदेशक रिवा गांगुली दास ने कहा, “दिल्ली में मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखने के बाद आईसीसीआर अपने पहले प्रयास में गोवा, गुवाहाटी, आइजोल, शिलांग, बेगलुरू, पुणे, मुंबई, वाराणसी और जयपुर में भी इस महोत्सव का आयोजन कर रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493