शीर्ष-20 में भारत के 5 पुरुष बैड़मिंटन खिलाड़ी

नई दिल्ली, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। विश्व बैडिमंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की गुरुवार को जारी ताजा रैंकिंग में भारत के पांच पुरुष खिलाड़ी शीर्ष-20 में जगह बनाने में सफल हुए हैं।

भारतीय खिलाड़ियों में सबसे उच्च वरीय किदाम्बी श्रीकांत को हासिल है। श्रीकांत को आठवां स्थान मिला है।

हालांकि शीर्ष-10 में श्रीकांत इकलौते भारतीय हैं। एच.एस. प्रणॉय को 15वां स्थान मिला है। जापान ओपन के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले प्रणॉय ने चार स्थान की छलांग लगाई है।

बी.साई प्रणीथ को 17वां स्थान मिला है। समीर वर्मा को 19वां स्थान हासिल हुआ है। अजय जयराम को 20वां स्थान मिला है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक इस साल विश्व चैम्पियनशिप का खिताब जीतने वाले विक्टर ऐक्सलेसन पहले स्थान पर हैं। उन्होंने दक्षिण कोरिया के सान वान हो को हटाकर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया है।

वह 2006 के बाद विश्व रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचने वाले पहले यूरोपियन खिलाड़ी हैं। उनसे पहले पीटर गाडे ने यह स्थान हासिल किया था।

एक्सेलसन ने पूर्व विश्व नंबर-1 मलेशिया के ली चोंग वेई को मात देकर हाल ही में जापान ओपन सुपर सीरीज खिताब पर कब्जा जमाया है।

महिला रैंकिंग में भारत की पी.वी. सिंधु और सायना नेहवाल क्रमश: दूसरे और चौथे स्थान पर बनी हुई हैं।

ताइवान की ताइ जू यिंग महिला रैंकिंग में पहले स्थान पर बनी हुई हैं। रियो ओलम्पिक-2016 विजेता स्पेन की कैरोलिना मारिन को जापान ओपन जीतने का फायदा हुआ है। वह चौथे स्थान पर आ गई हैं।

मिश्रित युगल में भारत को अच्छी खबर मिली है। प्रणव जैरी चोपड़ा और एन.सिक्की रेड्डी की जोड़ी दो स्थान की छलांग के साथ 17वें स्थान पर आ गई है। पिछले सप्ताह टोक्यो ओपन में सेमीफाइनल में जगह बनाने के बाद इस जोड़ी को यह सफलता मिली है।

सिक्की और अश्विनी पोनप्पा महिला युगल में 23वें स्थान पर बनी हुई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493