आरएफवाइएस फुटबाल के अहमदाबाद चरण का आगाज

अहमदाबाद, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। रिलायंस फाउंडेशन यूथ स्पोर्ट्स एंड कॉलेज फुटबाल चैम्पियनशिप के अहमदाबाद चरण की शुरुआत शुक्रवार को की गई। इस मौके पर फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने भारत की मेजबानी में अगले महीने से शुरू हो रहे फीफा अंडर-17 विश्व कप के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं।

नीता अंबानी ने कहा, “यह भारतीय फुटबाल के लिए शानदार समय है। हमने हाल ही में भारतीय टीम को दो दशक बाद फीफा रैंकिंग में शीर्ष-100 में शामिल होते देखा। और, अब भारत न सिर्फ पहली बार फीफा विश्व कप में हिस्सा ले रहा बल्कि इस टूर्नामेंट की मेजबानी भी कर रहा है।”

इंडियन सुपर लीग और रिलायंस फाउंडेशन यंग चैम्प्स अकादमी के माध्यम से भारतीय फुटबाल के विकास में लगीं नीता अंबानी का मानना है कि आरएफवाईएस टूर्नामेंट भारत में जमीनी स्तर पर इस खूबसूरत खेल को आगे बढ़ाएगा और भविष्य में पैदा होने वाले चैम्पियन खिलाड़ियों के लिए जमीन तैयार करेगा।

उन्होंने कहा, “इस समय हमारे पास 60,000 बच्चे हैं जो इस देश के 30 केंद्रों में इस खूबसूरत खेल को खेल रहे हैं। इस दिसम्बर तक हम अपने फुटबाल को बढ़ावा देने के कार्यक्रम से 60 लाख बच्चों तक पहुंच जाएंगे। हमारी इस पहल के माध्यम से प्रतिभाशाली बच्चों को आगे आते देखना सुखद अनुभव है। मुझे भरोसा है कि वो दिन दूर नहीं है जब हम एशिया और विश्व की शीर्ष टीमों से बराबरी का मुकाबला कर सकेंगे।”

अहमदाबाद के एसएएल एजूकेशन कैम्पस में बच्चों ने नीता अंबानी का स्वागत किया। इसी के साथ नीता अंबानी ने आरएफ यूथ स्पोर्ट्स के दूसरे चरण का उद्घाटन किया। इसके बाद एसएएल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग तथा सिल्वर ओक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बीच पहला मैच खेला गया।

अहमदाबाद चरण में जूनियर ब्वॉयज, सीनियर ब्वॉयज, स्कूल गर्ल्स, कॉलेज ब्वॉयज इन चार श्रेणियों में कुल 220 टीमें हिस्सा लेंगी।

इस चैम्पियनशिप का आयोजन आठ शहरों में किया जाएगा। इन आठ शहरों में बेंगलुरू, अहमदाबाद, चंडीगढ़, शिलांग, आइजोल, इम्फाल, हैदराबाद और जमशेदपुर शामिल हैं।

टूर्नामेंट जूनियर ब्वॉयज, सीनियर ब्वॉयज, सीनियर गर्ल्स, कॉलेज ब्वॉयज, इन चार श्रेणियों में खेला जाएगा। हर वर्ग में हर शहर की विजेता टीम जोनल स्तर पर होने वाले क्वालीफायर में खेलेगी। इसके बाद राष्ट्रीय फाइनल्स जनवरी-2018 में खेले जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493