जयपुर, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। एमएसएमई पखवाड़ा के अंतर्गत दो अक्टूबर से हैंडलूम हाट में विभिन्न प्रकार के हथकरघा उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें कोटा डोरिया, जरी, प्रिन्टेड साड़ियां, लहरिया, मोठड़ी साडियां, सिल्क, चंदेरी, महेश्वरी, ब्लाक प्रिन्टेड साड़ियां, कोटा डोरिया, जरी व प्रिन्टेड दुपट्टे, रिब रंगीन, बेडकवर्स, बेडशीट्स, दोहर, खेस, दरियों के साथ ही लेडीज एवं जेन्टस के हथकरघा गारमेंट्स प्रमुख रूप से शामिल हैं।
यहां जारी बयान के अनुसार, हथकरघा उत्पादों के प्रोत्साहन के लिए हाट में जहां हथकरघा बुनकरों को नि:शुल्क स्थान उपलब्ध कराया गया है, वहीं जयपुरवासियों को 25 से 30 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि परंपरागत हथकरघा उत्पादक बुनकरों को संरक्षण और विपणन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक माह के पहले सोमवार को हैण्डलूम हाट का आयोजन किया जाता है।
बयान के अनुसार, हैंडलूम हाट का आईआईसीडी की निदेशक तूलिका गुप्ता, सचिव आईआईसीडी छाया भटनागर और प्रबंधक संचालक आरएसडीसी दुर्गा जोशी चार दिवसीय हैण्डलूम हाट का शुभारंभ करेंगी।
बयान में कहा गया है कि प्रदेश में हथकरघा उत्पादों को लोकप्रिय बनाने, हथकरघा बुनकरों को प्रोत्साहित कर बाजार उपलब्ध कराने और जयपुरवासियों तक हथकरघा उत्पादों की सहज पहुंच बनाने के लिए हैण्डलूम हाट का आयोजन किया गया है।
dharmpath.com dharmpath