अंडर-17 विश्व कप : ब्राजील ने ग्रुप डी के पहले मैच में स्पेन को हराया

कोच्चि, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्राजील ने भारत की मेजबानी में खेले जा रहे फीफा अंडर-17 विश्व कप के ग्रुप डी के मैच में शनिवार को यहां जवाहरलाल नेहरू अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में स्पेन को 2-1 से मात दी।

ब्राजील के वेस्ले के आत्मघाती गोल की बदौलत मैच के 5वें मिनट में स्पेन ने 1-0 की बढ़त बना ली। जिसके बाद ब्राजील ने लिंकन (25वें मिनट) और पॉलिन्हो (45+1 मिनट) के गोल की मदद से मैच में वापसी की।

तीन बार की अंडर-17 विश्व कप विजेता ब्राजील इस जीत के साथ विश्व कप का विजयी आगाज करते हुए अपने खाते में तीन अंक डाल लिए हैं।

स्पेन की शुरुआत मैच में बहुत अच्छी रही और उन्होंने मैच के 5वें मिनट में ही बढ़त ले ली। ब्राजील ने हार नहीं मानी और धीरे-धीरे मैच में वापसी करते हुए स्पेन की रक्षापंक्ति पर दवाब बनाया।

ब्राजील को इस दवाब का जल्द ही फायदा मिला और 25वें मिनट में एलन सूजा के बैक पास को गोल में बदल कर लिंकन ने स्कोर को 1-1 कर दिया और फिर पहले हाफ के अतिरिक्त समय में गोल कर पॉलिन्हो ने ब्राजील को 2-1 की बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखी गई। स्पेन के सर्जियो गोमेज को मैच के 56वें मिनट में गोल करने का शानदार मौका मिला, लेकिन ब्राजील के गोलकीपर गेब्रियल ब्राजो ने बेहतरीन बचाव कर अपनी टीम की बढ़त को बनाए रखा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493