पटना, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार प्रदेश कार्यसमिति की यहां दो दिवसीय बैठक के अंतिम दिन शनिवार को संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। इस दौरान मंडल संगठन को और अधिक सक्रिय करने तथा मतदान केंद्र स्तर की रचना को शक्ति केंद्र के तौर पर प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
अंतिम सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कार्यसमिति सदस्यों के बीच संगठन को लेकर विस्तृत दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे गरीब और वंचित लोगों तक पहुंचे। इस आधार पर हम अगर हम राजनीति की बुनियाद रखना चाहते हैं, तो यह सुनिश्चित करना होगा कि मतदान केंद्र स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए।”
सिंह ने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा, “समन्वय, सक्रियता व सहयोग से ही हम अपेक्षित परिणाम हासिल कर सकते हैं।”
बिहार भाजपा के अध्यक्ष नित्यानंद राय ने अपने संबोधन में कहा, “हमें गांव और जड़-जमीन से जुड़कर काम करना होगा। प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता और प्रत्येक समाज का साथ सुनिश्चित करके ही हम राजनीति के सामाजिक दृष्टिकोण को पुख्ता और विस्तारित कर सकते हैं।”
सामाजिक कार्य एवं सेवा भावना के माध्यम से भी संगठन विस्तार का दृष्टिकोण को कार्यकर्ताओं को बताते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता नीति, नैतिकता, विचारधारा की बुनियाद पर अपना वजूद स्थापित करे, जिससे हमारे संगठन की एक खास पहचान स्थायी रूप से बनी रहे।”
उन्होंने जीएसटी की चर्चा करते हुए कहा कि जीएसटी समिति ने छोटे व्यापारियों की तकलीफों को समझा और उचित सुधार कर राहत देने का काम किया है।
इस मौके पर पार्टी की भावी राजनीतिक रणनीति को लेकर गहन विचार-मंथन हुआ। इस दौरान कृषि मंत्री प्रेम कुमार द्वारा प्रस्तुत राजनीतिक प्रस्ताव को चर्चा के बाद बिना किसी संशोधन के सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। इस बैठक में कई कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई।
dharmpath.com dharmpath