शाह रविवार को दिल्ली में जनरक्षा यात्रा का नेतृत्व करेंगे

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल में भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह रविवार को यहां जनरक्षा यात्रा का नेतृत्व करेंगे।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी, उपाध्यक्ष और दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, सांसद, विधायक, नगर निगम के नेता, और पार्टी के राज्य पदाधिकारी कनॉट प्लेस से मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यालय तक दो किलोमीटर लंबी यात्रा में हिस्सा लेंगे। माकपा केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा की मुख्य घटक है।

यात्रा के संयोजक राजेश भाटिया ने कहा, “भाजपा कार्यकर्ता कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में जमा होंगे और गोल मार्केट स्थित माकपा के केंद्रीय कार्यालय तक मार्च करेंगे।”

शाह ने इसके पहले कन्नूर के पायान्नूर से राज्यव्यापी जनरक्षा यात्रा की मंगलवार को शुरुआत की थी, और उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन को भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया था।

उन्होंने सभी राज्य इकाइयों से भी कहा था कि वे संबंधित राज्यों में वामपंथी दल की हत्या की राजनीति के खिलाफ यात्रा आयोजित करें।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केरल भाजपा अध्यक्ष कुम्मनम राजशेखरन द्वारा की जा रही जनरक्षा यात्रा में बुधवार को शामिल हुए थे।

शाह हालांकि गुरुवार को इस यात्रा में शामिल होने के लिए नहीं पहुंच पाए।

यह मार्च माकपा की राजनीतिक हिंसा को रेखांकित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का शक्ति प्रदर्शन है। यह 15 दिवसीय यात्रा 11 जिलों से होकर गुजरेगी और 17 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम पहुंचेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493