नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। अंडमान एवं निकोबार द्वीप के उपराज्यपाल जगदीश मुखी ने मंगलवार को असम के 30वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। मुखी को गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति अजीत सिंह ने पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह श्रीमंता शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित किया गया।
दिल्ली के भाजपा नेता, मुखी ने दिल्ली सरकार में वित्त, योजना, उत्पाद शुल्क और कराधान और उच्च शिक्षा विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्हें 1994 में लॉटरी व्यापार पर प्रतिबंध लगाने का श्रेय दिया जाता है।
दिल्ली में एक दिसंबर, 1942 को जन्मे, मुखी 1980 से सात बार जनकपुरी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीत चुके हैं। वह 2015 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (एएपी) से हार गए थे।
शपथ ग्रहण समारोह में असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी शिरकत की।
कार्यभार संभालने के बाद, मुखी कामख्या मंदिर गए। बाद में वह भूपेन हजारिका समाधि स्थल पर गए और उन्होंने कवि को पुष्पांजलि अर्पित की।
dharmpath.com dharmpath