अस्पतालों में आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य : नीतीश

पटना, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां मंगलवार को कहा कि सरकार का लक्ष्य अस्पतालों को आधुनिक संसाधनों से लैस करना है, जिससे यहां के लोगों को इलाज के लिए बाहर जाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़े।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में पिछले 12 वर्षो में स्वास्थ्य सेवा में बड़ा परिवर्तन आया है। वर्ष 2006 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में महीने में औसतन 39 लोग जाते थे, अब यह संख्या बढ़कर 10,500 तक पहुंच गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार काम होने से कई उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने टीकाकरण में वृद्धि का दावा करते हुए कहा, “हमारा संकल्प टीकाकरण के क्षेत्र में बिहार को शीर्ष के पांच राज्यों में पहुंचाना है। संस्थागत प्रसव के आंकड़े बढ़े हैं। इसी तरह नवजात शिशु की मौत में कमी लाने के लिए भी उपाय किए जा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि लोगों का विश्वास राज्य के सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ा है। उन्होंने पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाए जाने की चर्चा करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत की जा चुकी है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि जनवरी, 2018 से सूचीबद्ध सभी दवाओं की आपूर्ति अस्पतालों में होने लगेगी। उन्होंने अस्पतालों में स्वच्छता पर बल देते हुए कहा कि इस साल नवंबर से अस्पतालों में भर्ती मरीजों के लिए सातों दिन सात रंग की चादर बदली जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493