कोलकाता, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। माकपा के निष्कासित सांसद रिताब्रता बनर्जी पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर उसके साथ रहने का आरोप लगाया है और महिला ने मंगलवार को बनर्जी के खिलाफ पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है। जिसपर पलटवार करते हुए बनर्जी ने भी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है।
महिला ने कहा, “मैं यहां उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने आई हूं और मैं पुलिस अधीक्षक से भी मिलूंगी।” सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में महिला ने पहले दावा किया था कि स्थानीय पुलिस शिकायत दर्ज करने से मना कर रही है।
महिला ने कहा, “उन्होंने मुझसे शादी का वादा किया था और मुझे अपने दिल्ली के पते 104 साउथ एवेन्यू में आने को कहा था। हमारे बीच शारीरिक संबंध थे..अब वह इससे मुकर रहे हैं (शादी के वादे से)। उन्होंने मुझे कुछ दिन पहले शारीरिक संबंध के मुआवजे के बतौर 2.5 लाख रुपये दिए थे।”
बनर्जी ने दावा किया कि महिला ने मेरे खिलाफ आरोप इसलिए लगाया है, क्योंकि मैं उसके द्वारा मांगी गई 50 लाख रुपये की राशि नहीं दे पाया, जिसके कारण वह मेरी प्रतिष्ठा को बदनाम कर रही है।
कोलकाता के गरफा पुलिस थाने में अपनी शिकायत में उन्होंने कहा, “..उसने मेरी जिंदगी और करियर को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। मैंने उनके इस दुर्भावनापूर्ण कृत्यों को पकड़ लिया है, जो राजनीतिक रूप से प्रेरित है और उनका समर्थन प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्तिय कर रहे हैं, क्योंकि वह मेरी जिंदगी, संपत्ति, करियर और समाज में मेरी प्रतिष्ठा को बदनाम करना चाहते हैं।”
उन्होंने ट्विटर पर महिला के साथ कथित तौर व्हाट्सएप बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट भी अपलोड किए थे, जिसमें महिला ने “एफआईआर दर्ज नहीं कराने के लिए 50 लाख रुपये मांगे” थे।
बनर्जी के मुताबिक, महिला को विदेश में शिक्षा पाने के लिए एक ऋण की तत्काल आवश्यकता थी, जिसके लिए महिला ने खुद को असहाय बताया।
बनर्जी ने दावा किया कि उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक के बालुरघाट शाखा से ऋण हासिल करने में उनकी मदद की, लेकिन उन्होंने लगातार पैसों की मांग जारी रखी।
राज्यसभा सांसद ने अपनी शिकायत में कहा, “मैं .. उसकी मांगों को तब तक पूरा करने के लिए तत्पर था जब तक मुझे एहसास नहीं हुआ कि उनकी मांगें असीम हैं.. उसने मुझे बताया कि वह लिम्फोमा से पीड़ित है और फिर से उसने इलाज के लिए पैसे की मांग की। उसके खतरे के कारण, मुझे भुगतान करने के लिए मजबूर किया गया, जिसके बाद मैंने 20 जुलाई को 2.25 लाख रुपये का भुगतान किया था।”
हालांकि, महिला ने उनके दावे को सिरे से नकार दिया है।
आंतरिक जांच के बाद पिछले महीने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा बनर्जी को बाहर का रास्ता दिखाया गया था। जांच में उनके ऊपर चार आरोप लगे थे, जिनमें “महिला के साथ अनैति संबंध की अधीरता’ और ‘उनकी आय और व्यय के बीच गंभीर असंगति’ शामिल हैं।
माकपा ने उनके ऊपर ‘पार्टी-विरोधी गतिविधियों’ में शामिल होने का भी आरोप लगाया, क्योंकि उन्होंने ‘अपने मतलब के लिए पार्टी की छवि को विभिन्न तरह से इस्तेमाल किया’।
dharmpath.com dharmpath