लखनऊ, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में गुरुवार को बादल छाए रहने से गर्मी व उमस से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश हुई है और अगले एक दो दिनों में भी बारिश होने के आसार हैं।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, दिन में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बूंदाबांदी से लेकर सामान्य बारिश हो सकती है। गुरुवार को भी कुछ जगहों पर बारिश हुई है।
उन्होंने बताया कि वायुमंडल में कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की वजह से बारिश हो रही है। इसका असर अभी एक दो दिनों तक रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 22 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 23.3 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 24 डिग्री सेल्सियस और झांसी का 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath